एटा में सपा नेता के ईंट भट्ठे पर खनन विभाग की कार्रवाई, बुलडोजर व मिक्सर सीज, रॉयल्टी न जमा करने का आरोप।
03 Jan 2026

एटा में सपा नेता के ईंट भट्ठे पर खनन विभाग की कार्रवाई,
एटा, अलीगंज। अलीगंज विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता व व्यापारी मुकेश यादव उर्फ मुक्का के ईंट भट्ठे पर खनन विभाग ने शुक्रवार दोपहर कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन और मिट्टी मिलाने वाले मिक्सर को जब्त कर थाने में सीज कर दिया। यह कार्रवाई राई गांव स्थित खाटूश्याम ईंट उद्योग पर की गई। खनन अधिकारी के अनुसार, ईंट भट्ठा संचालक द्वारा खनन रॉयल्टी एवं पर्यावरण संबंधी आवश्यक प्रमाणपत्र जमा नहीं किए गए थे। विभाग को इस संबंध में एक लिखित शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसके बाद दस्तावेजों की जांच कर नायब तहसीलदार सतीश कुमार और खनन अधिकारी एजाज खान ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। कार्रवाई के बाद मुकेश यादव अलीगंज कोतवाली पहुंचे और खनन अधिकारी के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए कार्रवाई को गलत बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें जानबूझकर परेशान किया जा रहा है और आर्थिक नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से शिकायत कराई गई है। उन्होंने मामले में कानूनी लड़ाई लड़ने की बात कही। इधर, सपा नेता पर हुई कार्रवाई के बाद अलीगंज की राजनीति गरमा गई है। स्थानीय स्तर पर इसे समाजवादी पार्टी की आंतरिक कलह से जोड़कर देखा जा रहा है। हाल के दिनों में पार्टी के भीतर मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विवाद सामने आया था, जिसमें नए चेहरों को जिम्मेदारी दिए जाने पर असंतोष भी दिखा था। सोशल मीडिया पर भी इस कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हैं। कई लोगों ने इसे राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता का परिणाम बताया है। फिलहाल खनन विभाग अपनी कार्रवाई को नियमों के तहत बता रहा है, जबकि मामला राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Advertisement
Advertisement