अलीगंज ब्लॉक में नारी शक्ति का उबाल, 33% आरक्षण की मांग पर फूटा गुस्सा
18 Apr 2026
Reporter --Kuldeep Kumar
अलीगंज। शनिवार को अलीगंज ब्लॉक सभागार में महिलाओं का गुस्सा खुलकर सामने आया, जब 33 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर सैकड़ों महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत एक बैठक से हुई, जिसमें महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया और संघर्ष के लिए प्रेरित किया गया।
बैठक के बाद महिलाओं ने नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। यह जुलूस ब्लॉक सभागार से शुरू होकर डीएवी कॉलेज होते हुए पड़ाव स्थल तक पहुंचा, जहां महिलाओं ने विपक्ष का पुतला फूंककर अपना आक्रोश जताया। प्रदर्शन के दौरान माहौल काफी गरम रहा और महिलाओं ने “33% आरक्षण हमारा अधिकार है” व “महिला शक्ति का अपमान नहीं सहेंगे” जैसे नारे लगाए।
कार्यक्रम का संचालन कुमारी आशीष राजपूत ने किया। जिला उपाध्यक्ष आशीष राजपूत ने कहा कि हाल ही में सदन में हुई बहस के दौरान महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने से इनकार करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने जनगणना के नाम पर आरक्षण टालने को महिलाओं के अधिकारों के साथ अन्याय बताया।
जिला अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता ने कहा कि महिलाओं की यह जागरूकता समाज में बड़े बदलाव का संकेत है और यह लोकतंत्र की मजबूती को दर्शाता है। वहीं विधायक सत्यपाल राठौर ने महिलाओं को समर्थन देते हुए आश्वासन दिया कि उनकी मांगों को उच्च स्तर तक पहुंचाया जाएगा।
ब्लॉक प्रमुख रेखा शाक्य ने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और आरक्षण मिलने से उनकी राजनीतिक भागीदारी और मजबूत होगी।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने पुतला दहन कर सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग की। इस मौके पर डॉ. अशोक रतन शाक्य, दिनेश चंद्र, पियूष शाक्य, गोपाल शर्मा, अर्जुन कश्यप समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।
Advertisement









